‘सेवा संकल्प अभियान’: सेवा सेतु कार्यक्रम में लोगों के बीच मौजूद रहे मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल
मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल शनिवार को कच्छ जिले के गांधीधाम में महानगर पालिका की ओर से आयोजित 12वें चरण के सेवा सेतु कार्यक्रम में विशेष रूप से मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नागरिकों के साथ सीधे संवाद भी किया। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित सेवा सेतु कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक आसानी से पहुंचाना और लोगों की समस्याओं का स्थल पर ही निराकरण करना है।
गांधीधाम में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित सेवा सेतु कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का दौरा किया और लाभार्थियों से उन्हें मिल रहे योजनाओं के लाभों के बारे में प्रत्यक्ष जानकारी हासिल की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को पीएम आवास योजना, पीएम स्वनिधि योजना, फ्री शिप कार्ड और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं की सहायता के आदेश और मंजूरी पत्रों का वितरण भी किया। साथ ही, मुख्यमंत्री ने श्री राम कृष्ण सेवा ट्रस्ट की ओर से दिव्यांगों को उपकरण सहायता वितरित की।
इस अवसर पर उपस्थित लाभार्थियों के साथ संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के मंत्र के साथ काम कर रही है। सेवा सेतु जैसे कार्यक्रमों के जरिए सरकार खुद लोगों के बीच जाकर उनके काम करती है। हमारा संकल्प है कि हाशिये पर खड़े लोगों को योजनाओं का लाभ मिले और कोई भी नागरिक सरकारी सेवा से वंचित न रहे। सेवा सेतु कार्यक्रम इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसमें एक ही स्थल पर लोगों को सभी प्रकार की सरकारी सेवाएं उपलब्ध होती हैं। सेवा सेतु कार्यक्रम में आय प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, आधार कार्ड में सुधार, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, विधवा सहायता और वृद्ध सहायता सहित 56 से अधिक सेवाएं एक ही स्थल पर उपलब्ध कराई गईं। बड़ी संख्या में नागरिकों ने इस कार्यक्रम का लाभ उठाया और स्थल पर ही अपनी समस्याओं का निराकरण होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
कार्यक्रम में श्रम, कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री श्री कांतिलाल अमृतिया, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा राज्य मंत्री श्री त्रिकमभाई छांगा, सांसद श्री विनोदभाई चावड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रभाबेन हुण, विधायक सर्वश्री श्रीमती मालतीबेन महेश्वरी, अनिरुद्धभाई दवे, विरेन्द्रसिंह जाडेजा, गांधीधाम की महापौर श्रीमती दिव्याबेन नाथाणी, उप महापौर श्री नवीनभाई जरू, कलेक्टर श्री अनिल राणावसिया, गांधीधाम मनपा आयुक्त श्री बीडी डावेरा, जिला विकास अधिकारी श्री उत्सव गौतम, अग्रणी श्री देवजीभाई वरचंद, धवलभाई आचार्य, सहित जिला प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

