अहमदाबाद में मेट्रो स्टेशन के पास मुफ़्त पार्किंग का दावा हवा, अब लगेगा भारी चार्ज
अहमदाबाद में मेट्रो रेल (Metro Rail) से सफर करने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। अहमदाबाद नगर निगम (AMC) द्वारा मेट्रो स्टेशनों के पास खाली पड़े प्लॉटों में मुफ्त पार्किंग (Free parking) की सुविधा देने के बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन अब पार्किंग स्लॉट तैयार होते ही प्रशासन ने अपना रुख बदल लिया है। नगर निगम ने अब नवरंगपुरा, साबरमती, वस्त्राल, एसपी स्टेडियम और रामोल सहित 10 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों के पास ‘पे एंड पार्किंग’ (Pay and park) व्यवस्था शुरू करने का फैसला किया है। इस नए फैसले के तहत दैनिक यात्रियों को अब रोजाना पार्किंग शुल्क के रूप में भारी रकम चुकानी होगी।
नगर निगम द्वारा इन प्लॉटों को निजी ठेकेदारों (Private contractors) को मासिक किराए पर सौंपा जाएगा, जिसके बाद दोपहिया वाहनों से ₹5 से ₹50 और चार पहिया वाहनों से ₹15 से ₹120 तक का शुल्क लिया जाएगा। नवरंगपुरा, साबरमती और वस्त्राल जैसे स्टेशनों के पास 3,342 टू-व्हीलर और 200 फोर-व्हीलर की क्षमता वाले ये प्लॉट बनाए गए हैं। रोजाना 8 से 10 घंटे वाहन खड़ा रखने वाले नौकरीपेशा वर्ग और छात्रों (Students and commuters) को प्रतिदिन ₹25 से ₹70 तक पार्किंग शुल्क देना पड़ेगा, जो कि मेट्रो के मूल किराए से भी अधिक है। इस व्यवस्था से सार्वजनिक परिवहन (Public transport) के उपयोग को बढ़ावा देने के दावों पर सवाल उठ रहे हैं।

