शेयर बाजार में आया ‘ट्रंप तूफान’: सेंसेक्स में 1800 अंकों का ऐतिहासिक उछाल, युद्धविराम की घोषणा से दलाल स्ट्रीट पर लौटी रौनक
शेयर बाजार में पिछले कई दिनों से जारी गिरावट के दौर पर आज विराम लग गया और निवेशकों के लिए यह बुधवार ‘सुपर वेडनेसडे’ (Super Wednesday) साबित हुआ। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान से सेना वापस बुलाने और आगामी कुछ हफ्तों में युद्ध समाप्त करने की घोषणा के बाद भारतीय बाजार में तेजी का तूफान (Storm) आ गया है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स (Sensex) आज सुबह 1,835 अंकों के प्रचंड उछाल के साथ 73,782.58 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी (Nifty) भी 568 अंकों की मजबूती के साथ 22,899.75 पर ट्रेड कर रहा है। बाजार खुलते ही आई इस बंपर तेजी ने निवेशकों के करोड़ों रुपये की संपत्ति में इजाफा किया है और निचले स्तरों पर जबरदस्त खरीदारी (Buying) देखने को मिली है।
बाजार में आई इस हरियाली के पीछे चार मुख्य कारण माने जा रहे हैं, जिनमें सबसे प्रमुख ट्रंप की युद्धविराम (Ceasefire) संबंधी घोषणा है, जिसने वैश्विक अनिश्चितता को कम कर दिया है। युद्ध खत्म होने के संकेतों के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में आई गिरावट भारत जैसे बड़े आयातक देश के लिए सकारात्मक (Positive) खबर साबित हुई है। इसके साथ ही, पिछले कई दिनों से जारी बिकवाली के बाद आज निचले स्तरों पर निवेशकों ने शार्ट कवरिंग (Short Covering) शुरू कर दी, जिससे सूचकांक को ऊपर जाने में मदद मिली। एशियाई और रूसी बाजारों में आई रिकवरी ने भी भारतीय निवेशकों के सेंटिमेंट (Sentiment) को मजबूत किया है, जिससे बाजार एक बार फिर अपने पुराने स्तरों को छूने की ओर अग्रसर है।

