IPL: अहमदाबाद पुलिस और क्राइम ब्रांच ने 5 लोगों को किया गिरफ्तार, ₹3,500 की टिकट ₹15,000 में बेचने का खुलासा
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Stadium) में 31 मई को आयोजित होने वाले आईपीएल 2026 के महामुकाबले से पहले टिकटों की कालाबाजारी करने वाले दो बड़े गिरोहों का भंडाफोड़ हुआ है। अहमदाबाद शहर की चांदखेड़ा पुलिस और क्राइम ब्रांच (Crime Branch) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से ऊंचे दामों पर बेचने के लिए रखी गई फाइनल मैच की कई टिकटें और मोबाइल फोन (Mobile Phones) बरामद किए हैं। चांदखेड़ा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि न्यू CG रोड पर कुछ लोग क्रिकेट प्रेमियों को गुमराह कर अवैध रूप से टिकट बेच रहे हैं, जिसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर राजस्थान मूल के ईशान भट्ट और निर्मल कुमार को रंगे हाथों पकड़ा।
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि ये आरोपी ₹3,500 की आधिकारिक कीमत वाली टिकट को ₹15,000 में बेचकर क्रिकेट प्रशंसकों को लूट रहे थे। पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने बताया कि उन्हें यह टिकटें बापू नगर की एक होटल में ठहरे ऋषभ जैन नामक युवक ने कमीशन (Commission) के लालच में उपलब्ध कराई थीं, जिसे बाद में पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वहीं दूसरी ओर, अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने सिंधु भवन रोड पर कार्रवाई करते हुए मान पटेल और सफीक उर्फ बन्नी को टिकटों की ब्लैक मार्केटिंग (Black Marketing) करते हुए गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि फाइनल मैच तक निगरानी कड़ी रखी जाएगी और इस तरह की अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

