गुजरात में मानसून का नया दौर, 7 दिनों तक बारिश का अलर्ट
गुजरात में मानसून (Monsoon) का एक और सक्रिय दौर शुरू होने जा रहा है, जिसको लेकर मौसम विभाग ने बड़ा अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग (Weather department) द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले 7 दिनों के दौरान राज्य भर में गरज के साथ व्यापक बारिश (Rainfall) होने की संभावना जताई गई है। विशेष रूप से 12 से 15 सितंबर के दौरान राज्य के कई जिलों में छिटपुट स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इस स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम को सतर्क कर दिया गया है।
शुरुआती दो दिनों में हल्की से मध्यम बारिश के बाद 12 सितंबर से बारिश का जोर काफी बढ़ जाएगा। दक्षिण गुजरात (South Gujarat) के सभी प्रमुख जिलों जैसे वडोदरा, छोटा उदयपुर, नर्मदा, भरूच, सूरत, तापी, डांग, नवसारी और वलसाड में तेज बारिश होने के आसार हैं। इसके अलावा दमन में भी भारी बारिश की आशंका के चलते येलो अलर्ट (Yellow alert) जारी किया गया है। नागरिकों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और तटीय इलाकों से दूर रहने की सलाह (Advice) दी गई है।

