PM मोदी और इजरायली पीएम नेतन्याहू ने भारतीय पायलट के साहस को सराहा
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 (Flydubai flight) में उड़ान के दौरान कॉकपिट के भीतर हुई हिंसक घटना में घायल भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छड़ का सऊदी अरब के तबुक अस्पताल में इलाज जारी है। भारतीय दूतावास (Indian Embassy) के अनुसार, उनकी स्थिति स्थिर है और दूतावास अधिकारी उनके परिवार व स्थानीय प्रशासन के लगातार संपर्क में हैं। 30 सितंबर को हुई इस घटना में विमान में 174 यात्री और क्रू मेंबर्स सवार थे। उड़ान के दौरान को-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छड़ पर चाकू से अचानक हमला (Mid-air attack) कर दिया था, लेकिन गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्मित ने सूझबूझ दिखाते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिससे यात्रियों और क्रू को हमलावर को काबू में करने का मौका मिला।
हमलावर को नियंत्रित करने के बाद विमान में यात्री के रूप में सफर कर रहे दो ऑफ-ड्यूटी पायलटों (Off-duty pilots) ने कमान संभाली और फ्लाइट की सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग (Emergency landing) कराई। कैप्टन स्मित मच्छड़ के इस अदम्य साहस और समझदारी की भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने जमकर सराहना की है। वर्ष 2022 से फ्लाईदुबई से जुड़े और बोइंग 737 उड़ानों का विशाल अनुभव रखने वाले कैप्टन स्मित की बहादुरी से बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल सऊदी अधिकारी इस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच (Official investigation) कर रहे हैं।

