अहमदाबाद में नवरात्रि पर रात 2 बजे तक चलेगी मेट्रो, खेलैयों को मिलेगी बड़ी राहत
अहमदाबाद शहर में नवरात्रि उत्सव (Navratri festival) के दौरान देर रात तक गरबा खेलने वाले नागरिकों की सुविधा के लिए सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। त्योहारों के मद्देनजर शहर में मेट्रो रेल सेवा (Metro Rail service) को रात 2:00 बजे तक चलाने का फैसला लिया गया है। आम दिनों में रात 11:00 बजे बंद होने वाली मेट्रो अब 19 अक्टूबर तक चार मुख्य स्टेशनों—वस्त्राल, थलतेज, कोटेश्वर और एपीएमसी (APMC) से रात दो बजे तक उपलब्ध रहेगी। हालांकि, देर रात के इन अतिरिक्त घंटों में यात्रा करने वाले यात्रियों को नियमित पास के बजाय ₹50 की स्पेशल पेपर टिकट (Special paper ticket) खरीदनी होगी।
दूसरी ओर, शहर के प्रसिद्ध गरबा स्थल जीएमडीसी ग्राउंड (GMDC ground) से लौटने वाले लोगों के लिए जनमार्ग के यूनिवर्सिटी स्टेशन से बीआरटीएस (BRTS) बस सेवा रात 12:30 बजे तक बढ़ा दी गई है। यहां से झुंडाल, मणिनगर और ओढ़व तालाब जैसे प्रमुख मार्गों पर 10 अतिरिक्त बसें संचालित की जा रही हैं। जहां मेट्रो और बीआरटीएस ने देर रात सफर करने वाले यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं दी हैं, वहीं एएमटीएस (AMTS) प्रशासन द्वारा शहरवासियों के लिए कोई नई या विशेष बस सेवा उपलब्ध न कराए जाने से लोगों को थोड़ी असुविधा का सामना भी करना पड़ रहा है।

