राजकोट की लग्जरी होटल में हाई-प्रोफाइल शराब पार्टी पर एलसीबी का छापा, 38 लोगों के खिलाफ केस दर्ज
राजकोट (Rajkot) के कालावाड़ रोड स्थित सरोज़ा होटल (Saroza Hotel) में 31 अक्टूबर की देर रात चल रही एक हाई-प्रोफाइल शराब पार्टी पर एलसीबी जोन-2 (LCB Zone-2) की टीम ने औचक छापा मारा। यह पार्टी डेकोरा ग्रुप के मालिक चिराग अरविंद पटेल के जन्मदिन के अग्रिम जश्न (Birthday celebration) के रूप में आयोजित की गई थी, जिसमें 43 पुरुष और 33 महिलाओं समेत कुल 76 लोग उपस्थित थे। पुलिस की अचानक हुई एंट्री से होटल परिसर में हड़कंप मच गया और पार्किंग में महंगी लक्जरी गाड़ियों की कतारें खड़ी देखी गईं। मौके से अलग-अलग ब्रांड्स की विदेशी शराब की खाली और भरी हुई बोतलें बरामद होने के बाद पुलिस ने कुल 38 लोगों के खिलाफ प्रोहिबिशन एक्ट (Prohibition Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस से पहचान छिपाने के लिए पार्टी में शामिल महिलाओं ने खुद को टेबल और कुर्सी के कवर से ढकने का प्रयास किया, जिन्हें सुबह तड़के सुरक्षा के बीच मेडिकल जांच (Medical test) के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया। पुलिस जांच के दौरान राजनीतिक दबाव और होटल की लाइटें बंद करने की कोशिशों की बातें भी सामने आईं। राजकोट पुलिस (Rajkot Police) के अनुसार, शराब पार्टी के आयोजकों और मेहमानों के साथ-साथ होटल मैनेजर और तीन सर्विस स्टाफ (Service staff) के सदस्यों पर भी कानूनी कार्रवाई की गई है। इस बड़ी रेड के बाद राजकोट और मोरबी के व्यापारिक हलकों में भारी खलबली मच गई है।

