नीट पेपर लीक में बड़ी कामयाबी: एनटीए पैनल की सीनियर टीचर दिल्ली से गिरफ्तार
नीट-यूजी (NEET UG) परीक्षा के बायोलॉजी पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। जांच एजेंसी ने मूल रूप से महाराष्ट्र के पुणे की रहने वाली और एक प्रतिष्ठित कॉलेज की सीनियर वनस्पति विज्ञान (Botany) शिक्षिका मनीषा गुरुनाथ मंडहरे को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। सीबीआई की प्राथमिक जांच (Preliminary Investigation) में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि नेशनल टेस्टिंग एजेंस यानी एनटीए (NTA) ने खुद मनीषा को परीक्षा प्रक्रिया के लिए एक विशेषज्ञ (Expert) के रूप में नियुक्त किया था। उन्हें वनस्पति विज्ञान और प्राणी विज्ञान (Zoology) के प्रश्न पत्र तैयार करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जिसका फायदा उठाकर वे इस पूरे पेपर लीक नेटवर्क की मुख्य सूत्रधार बन गईं।
जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी मनीषा मंडहरे ने अपनी सहयोगी मनीषा वाघमारे के साथ मिलकर नीट के कई परीक्षार्थियों को एक साथ इकट्ठा किया था। इसके बाद दोनों ने पुणे के एक निजी मकान में विशेष कोचिंग क्लास (Coaching Class) शुरू की, जहां छात्रों को पहले ही जीव विज्ञान के महत्वपूर्ण सवाल और उनके जवाब उपलब्ध करा दिए गए थे। आरोपियों ने छात्रों की किताबों में उन खास सवालों पर टिकमार्क भी लगवाए थे, जो हूबहू मुख्य परीक्षा के प्रश्न पत्र (Question Paper) से मेल खाते थे। इस मामले में सह-आरोपी मनीषा वाघमारे को पहले ही 14 मई को गिरफ्तार किया जा चुका है। सीबीआई अब दोनों आरोपियों को रिमांड (Remand) पर लेकर इस बात का पता लगा रही है कि इस कूप्रबंध में एनटीए के कुछ अन्य आंतरिक अधिकारी या बड़े कोचिंग संस्थान भी शामिल हैं या नहीं।

