अहमदाबाद में बैंक कर्मचारी साइबर फ्रॉड का शिकार, 81 हजार की ठगी
अहमदाबाद के दरियापुर इलाके में रहने वाली और एक निजी बैंक में कार्यरत 29 वर्षीय युवती के साथ 81,000 रुपये की साइबर धोखाधड़ी (Cyber fraud) का मामला सामने आया है। पीड़िता ने सोशल मीडिया (Social media) प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर रील देखकर हेयर रिमूवर मशीन का ऑर्डर दिया था। डिलीवरी के बाद बॉक्स खोलने पर मशीन के बजाय केवल बैटरी निकली। इसके बाद जब पीड़िता ने बॉक्स पर दिए गए ऑनलाइन पोर्टल के जरिए कस्टमर केयर (Customer care) से संपर्क किया, तो साइबर ठग ने खुद को प्रतिनिधि बताकर ऑर्डर रिप्लेसमेंट के नाम पर व्हाट्सएप पर संपर्क साधा और धोखे से स्क्रीन शेयरिंग (Screen sharing) शुरू करवा दी।
शातिर ठग ने पीड़िता को झांसे में लेकर मोबाइल में ‘Customer.in’ नाम की एक फर्जी एपीके फाइल (APK file) इंस्टॉल करवाई, जिससे पीड़िता का पूरा मोबाइल हैक (Mobile hacked) हो गया। इसके बाद ठग ने युवती के दो अलग-अलग बैंक खातों से कुल 81,000 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। पीड़िता को जब तक धोखाधड़ी का अहसास हुआ और उन्होंने कॉल काटकर नंबर ब्लॉक किया, तब तक ट्रांजेक्शन (Bank transaction) पूरा हो चुका था। इस घटना के बाद पीड़िता ने तुरंत नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद दरियापुर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।

