गुजरात में विधायकों के लग्जरी फ्लैट्स पर खर्च होंगे ₹2.5 करोड़, लगेंगी इनविजिबल ग्रिल और खास पर्दे
गुजरात में आम जनता जहां महंगाई के दौर में सामान्य सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है, वहीं जनप्रतिनिधियों के लग्जरी आवासों पर टैक्सपेयर्स (Taxpayers) के पैसे से नई-नई सुविधाएं जुटाई जा रही हैं। विधायकों को दिए गए करोड़ों रुपये के आधुनिक फ्लैट्स मिलने के बावजूद उनकी नई मांगों का दौर जारी है। ताजा जानकारी के अनुसार, इन लग्जरी फ्लैट्स की बालकनी और खिड़कियों से कबूतरों को रोकने के लिए साधारण जालियों के बजाय महंगी इनविजिबल ग्रिल (Invisible Grill) लगाई जाएगी। इसके अलावा कमरों और रसोई को गर्मी से बचाने के लिए भारी-भरकम और अग्निरोधक मैन्युअल रोलर ब्लाइंड ब्लैकआउट पर्दे (Roller Blind Blackout Curtains) भी सरकारी खर्च पर लगाने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
इन महंगे बदलावों के अलावा विधायकों के फ्लैटों में आधुनिक शू-रैक (Shoe Rack), फैंसी मिरर (Fancy Mirror), नया लेटर बॉक्स और लक्जरी डोर लॉक हैंडल जैसी कई छोटी-बड़ी सुविधाएं मुहैया कराने का फैसला लिया गया है। इस पूरे नवीनीकरण पर लगभग ढाई करोड़ रुपये का अनुमानित खर्च आएगा। आम नागरिक जहां अपने सपनों के आशियाने की होम लोन (Home Loan) की किस्तें चुकाते-चुकाते परेशान रहता है, वहीं विधायकों के लिए मामूली किराए पर उपलब्ध कराए गए इन आलीशान आवासों पर हो रहे इस बड़े खर्च ने राज्य के आम लोगों के बीच चर्चा और नाराजगी का माहौल बना दिया है।

