7.8% विकास दर पर पीएम मोदी का बड़ा संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम (Instagram) पर एक रील शेयर करके 7.8 प्रतिशत की मजबूत विकास दर (Growth Rate) हासिल करने पर देशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने नागरिकों के संकल्प और कड़ी मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि जब पूरी दुनिया युद्ध, वैश्विक संकटों और सप्लाय चेन (Supply Chain) की बाधाओं से जूझ रही है, तब भी भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि निराशा में डूबे कुछ लोग अफवाहें और नकारात्मकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन देश ने इन सभी चुनौतियों को पार करते हुए यह शानदार मुकाम हासिल किया है।
प्रधानमंत्री ने आर्थिक स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए देशवासियों से ‘वोकल फॉर लोकल’ (Vocal for Local) का मंत्र अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने गैर-जरूरी विदेश यात्राओं से बचने, विदेशों में शादियों के आयोजन को टालने और आवश्यकता न होने पर सोना न खरीदने की अपील की ताकि देश की आर्थिक ताकत बनी रहे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 140 करोड़ देशवासियों की सामूहिक शक्ति से वर्ष 2047 में आजादी के 100 साल पूरे होने पर हम अगली पीढ़ी को एक पूरी तरह से विकसित भारत (Developed India) सौंपेंगे।

