गोवा में इंडिगो विमान की इमरजेंसी लैंडिंग: इंजन में खराबी के बाद मोपा एयरपोर्ट पर घोषित हुई ‘फुल इमरजेंसी’, सुरक्षित उतरे यात्री
गोवा से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट में टेकऑफ (Takeoff) करने के कुछ ही मिनटों के भीतर अचानक तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद विमान को गोवा के मोपा एयरपोर्ट (Mopa Airport) पर वापस सुरक्षित उतारना पड़ा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6E 2102 ने मंगलवार सुबह करीब 9:16 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। हालांकि, आसमान में पहुंचते ही पायलट को विमान के एक इंजन में खराबी की जानकारी मिली, जिसके बाद तुरंत वापस लौटने का फैसला लिया गया।
इंजन में गड़बड़ी का पता चलते ही पायलट ने बिना समय गंवाए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क साधा। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुबह करीब 9:30 बजे मोपा एयरपोर्ट पर ‘फुल इमरजेंसी’ (Full Emergency) घोषित कर दी गई और फायर फाइटर्स व एम्बुलेंस को अलर्ट पर रखा गया। पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए विमान का सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग (Emergency Landing) कराया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल सिविल एविएशन (Civil Aviation) की तकनीकी टीम इंजन में आई खराबी के कारणों की जांच कर रही है और यात्रियों के लिए वैकल्पिक फ्लाइट की व्यवस्था की जा रही है।

